पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर लखनऊ में,सरकार को सीधी धमकी - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 8 October 2018

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर लखनऊ में,सरकार को सीधी धमकी


लखनऊ तहकीकात डेस्क 

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर लखनऊ में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कर्मचारी इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने सरकार को सीधी धमकी दी है कि अगर उनकी मांगों को न माना गया तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
पेंशन बहाली मंच के बैनर तले लखनऊ के ईको गार्डन में महारैली कर रहे प्रदर्शनकारियों का कहना है अभी तक उनसे मिलने के लिए सरकार का कोई नुमाइंदा नहीं आया है। इसे चुनावी सीजन में सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।  सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पेंशन बहाली मंच के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि न्यू पेंशन स्कीम की राशि शेयर मार्केट में लगाई जाती है। इसमें न्यूनतम पेंशन की कोई गारंटी न होने से शिक्षकों और कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय है। अगर पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई तो प्रदेश की मौजूदा सरकार परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

वहीं, मंच के संयोजक हरिकिशोर तिवारी ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। अगर एक अप्रैल 2005 के बाद भर्ती हुए कर्मचारी के साथ कोई हादसा होता है, तो सामाजिक सुरक्षा के नाम पर उसके परिवार को कोई सुविधा नहीं मिलती।

प्रदेश और देश को चलाने में कर्मचारियों, शिक्षकों, इंजीनियरों और अधिकारियों की विशेष भूमिका है, पर प्रदेश में उनकी उपेक्षा की जा रही है। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के महासचिव जीएन सिंह ने कहा कि 24 हजार से ज्यादा इंजीनियर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अगर अब भी सरकार नहीं चेती तो हड़ताल करने से भी नहीं चूकेंगे।

पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र निगम ने बताया कि काफी संख्या में सहायक अभियंता महारैली में भाग लेंगे। वहीं, मंच के प्रवक्ता मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे यूनियन के नेता शिवगोपाल मिश्रा समेत सभी नेता महारैली में शामिल होंगे। प्रस्तावित महारैली स्थल का वरिष्ठ कर्मचारी व शिक्षक नेताओं ने मौका मुआयना कर तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम को सुचारु ढंग से चलाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। एलसीडी भी लगाई गई हैं।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।