Flood Damage in Chauri Chaura: फरेन नाले पर Overbridge Approach Road बहा, दर्जनभर गांवों का संपर्क टूटा; OBC Party का प्रदर्शन
राकेश कुमार
चौरी-चौरा। ब्रह्मपुर ब्लॉक के विश्वनाथपुर ग्राम पंचायत (इमलियहवा) स्थित फरेन नाले पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एप्रोच मार्ग तेज बारिश और नाले में आए उफान के कारण बह गया। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के करीब दर्जनभर गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क टूट गया है, जिससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग टूटने से मंडी तक कृषि उपज पहुंचाने में दिक्कत हो रही है, वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। आवागमन बाधित होने से रोजमर्रा के कार्यों पर भी असर पड़ा है।
समस्या की जानकारी मिलने पर वन भारत सिटीजन पार्टी (ओबीसी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह जनहित से जुड़ा गंभीर मामला है और एप्रोच मार्ग का पुनर्निर्माण युद्धस्तर पर कराया जाना चाहिए।
प्रदर्शन की सूचना पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान फरेन नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण एप्रोच मार्ग कट गया है। विभाग द्वारा स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान काली शंकर यदुवंशी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही एप्रोच मार्ग का निर्माण शुरू नहीं कराया गया और ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई, तो पार्टी जनहित में आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों, विद्यार्थियों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।