लखनऊ - सत्य प्रकाश चौधरी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने कहा है कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर
करने और तोड़ने का काम कर रही है। देश की एक-एक संस्था पर प्रश्नचिह्न लग
रहा है। केन्द्र की सरकारों ने सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया है और विपक्ष
को डराने-धमकाने का काम किया हैं। बैंकिंग सिस्टम चौपट हो गया है। राफेल
डील पर सफाई होनी चाहिए। भाजपा कहती है कि उसका दामन साफ है तो सफेदी पर ही
छींटें ज्यादा दिखती हैं।
यादव आज पार्टी मुख्यालय
के डाॅ0 लोहिया सभागार में एकत्र छात्र-युवा प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर
रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देशवासियों को गुमराह और निराश किया हैं।
जहां किसानों को धोखा दिया है वहीं नौजवानों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़
किया हैं। गन्ना किसानों का अभी भी 08 हजार करोड़ रूपये बकाया है। आलू
किसानों का कोई पुरसाहाल नहीं है। मुख्यमंत्री कई लाख हेक्टेयर जमींन पर
पानी पहुंचाने का दावा करते हैं पर यह नहीं बताते कि वह जमींन कहां है?
किसानों का कर्ज कितना माफ किया है? नौजवानों को रोजगार कहां मिला? इसका
ब्यौरा सरकार को देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि
2014 और 2017 के चुनावों में भाजपा नेताओं ने जो वादे किए उसमें से एक भी
वादा पूरा नहीं किया। भाजपा नेताओं का संकल्प है कि एक भी काम जनहित में
नहीं होना चाहिए। कृषि कुंभ के नाम पर किसानों के साथ विश्वासघात किया गया।
अर्धकुंभ को कुंभ बना दिया। भाजपा के पास झूठ बोलने के अलावा कोई काम नहीं
है। किसान सो नहीं पा रहा है। साढ़े चार साल में 40 हजार से ज्यादा किसानों
ने आत्महत्या कर ली। जो निवेशक आए थे, वे कहां गए? किसानों की आय दुगनी
होती तो व्यापारी को भी लाभ होता।
अखिलेशयादव ने कहा कि
भाजपा इजरायल की नई तकनीक लाने की बात करती है। कन्नौज में परफ्यूम पार्क
का नाम बदल दिया। एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां एवं नए विश्वविद्यालय,
मेडिकल कालेज बनने थे भाजपा सरकार ने उन पर रोक लगा दी। न कोई सड़क बनाई, जो
सड़के समाजवादी सरकार में बनी थी उनमें भी गड्ढे कर दिए। भाजपा की गलत
आर्थिक नीतियों के चलते दो हजार लोगों के पास ही देश की सारी दौलत सिमट गई
है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि
जातिवाद और साम्प्रदायिकता की नफरत से समाज का सद्भाव बिगाड़ा जा रहा है।
भाजपा ने बुनियादी मुद्दों गरीबी, भूख, बीमारी, भ्रष्टाचार से जनता का
ध्यान भटकाने की कोशिश की। लेकिन अब नई पीढ़ी जो पहला वोट डालेगी उसे
समाजवादी पार्टी पर ही भरोसा है। युवा पीढ़ी का भविष्य समाजवादी पार्टी में
ही सुरक्षित है। नौजवान संघर्ष और मेहनत के बल पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा
कि भाजपा ने बहुत गुमराह कर लिया। उसका जनता को अब असली चेहरा दिखने लगा
है। बदलते समय में समाजवादी विचारधारा और उसके सिद्धांत ही राजनीति में देश
को आगे ले जाएंगे।


No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।