सपा बसपा के गठबंधन की चुनौतियों के बीच भगवा टोली प्रयागराज की धरती से
सांस्कृतिक सरोकार के एजेंडे को धार देने की तैयारी में जुटी है। कानपुर
में चल रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठक के बीच भाजपा की कोर कमेटी ने
मुख्यमंत्री आवास पर मंथन कर इस सिलसिले में
रणनीति तय की है। यही नहीं योगी सरकार प्रयागराज से अयोध्या में राम मंदिर
निर्माण की जल्द सुनवाई के लिए सुर्वोच्च न्यायालय से आग्रह कर सकती है।
इसके अलावा हिंदुत्व के जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास और संतों महंतों की
सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी नीति, मानदेय या सुविधाओं के बारे में
भी फैसले कर सकती है। संकेत मिल रहे हैं कि कैबिनेट अयोध्या में राम मंदिर निर्माण संबंधी
मामले में सुप्रीम कोर्ट से जल्द फैसला देने के लिए अनुरोध प्रस्ताव ला
सकती है। इसके अलावा अयोध्या में श्रीराम की भव्य 251 मीटर ऊंची प्रतिमा
निर्माण और सामान्य वर्ग के गरीबों को दस प्रतिशत आरक्षण का मानक तय करने
संबंधी प्रस्ताव भी आ सकते हैं।कैबिनेट के एजेंडे में मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में कुष्ठ रोग से
प्रभावित परिवार को भी शामिल करने का प्रस्ताव शामिल है। आवास विहीन या
जर्जर आवासों में रह रहे कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों को भी सरकार
मुख्यमंत्री आवास देगी।
शाहजहांपुर महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का संचालन
पांच वर्ष की अवधि के लिए राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड को सौंपे जाने का भी
प्रस्ताव आएगा। किसानों के हक में लगातार फैसले कर रही सरकार उत्तर प्रदेश
कृषि उत्पादन मंडी अधिनियम के 21वां संशोधन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए
नियमावली बनाने के उद्देश्य से संशोधन का भी प्रस्ताव ला सकती है।

No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।