पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया.... - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 25 March 2019

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया....


 महेन्द्र मिश्रा ब्यूरो 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया है। चारों ओर अराजकता का माहौल है। तमाम तरह के माफियाओं-शिक्षा माफिया, खनन माफिया, अपराधिक माफिया के हाथों में कानून कैद है। मुख्यमंत्री जी शांति व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रहे है पर हकीकत यह है कि भाजपा राज में अपराधिक मामलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। दो वर्ष में राज्य सरकार और पांच वर्ष की केन्द्र सरकार की नीतियों का दुष्परिणाम यह हुआ है कि देश-प्रदेश का विकास अवरूद्ध हो गया है।  भाजपा नेता अपनी रैलियों में सिर्फ विपक्ष पर हमलावर रहते हैं। अपनी तमाम कमियों के लिए वे विपक्षी सरकारों को दोषी ठहराते हैं पर यह नहीं बताते हैं कि केन्द्र में सत्ता के पांच सालों में उन्होंने क्या किया और उत्तर प्रदेश में दो वर्ष बीत गए उनकी कौन सी योजना जमीन पर उतरी है? किसान, नौजवान, महिलाएं, छात्र-छात्राएं सभी उत्पीड़न के शिकार हैं। दोनों सरकारों की उपलब्धियां शून्य है। केवल अनर्गल आरोपों और झूठ-फरेब के सहारे वे चुनावी वैतरणी पार करने का भ्रम पाल बैठे हैं। गृहमंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक सांप्रदायिक घटनाएं और मौते हुई हैं। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में 195 साम्प्रदायिक घटनाओं को दर्ज किया गया जिसमें 44 लोग मरे और 540 घायल हुए। सबसे ज्यादा 63 लोग फर्जी एनकाउण्टर में मारे गए। एनकाउण्टर के नाम पर निर्दोष गरीबों को शिकार बनाया गया।  उत्तर प्रदेश में भाजपा की हर मोर्चे पर विफलता जग जाहिर है। समाजवादी सरकार में प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था और अवस्थापना सुविधा के विस्तार का काम किया गया था। एक्सप्रेस-वे और मेट्रो रेल जैसी परियोजनाओं को समय से पहले पूरा कर लिया गया था। तीर्थ स्थलों के सुंदरीकरण और विकास का काम भी समाजवादी सरकार में हुआ था। ब्रज क्षेत्र के विकास को भी महत्व दिया गया। मथुरा में सब काम समाजवादी सरकार में ही हुए हैं। मथुरा- वृंदावन में 24 घंटा विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई थी। ब्रज क्षेत्र में आज जो भी विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं वे सब समाजवादी सरकार के कार्यकाल में हुए थे। 

 

  सच तो यह है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक यूनिट बिजली का भी उत्पादन नहीं किया। अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन की जो व्यवस्था समाजवादी सरकार में हुई थी, वह सब भाजपा ने बर्बाद कर दी है। शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारी गिरावट आ गई है। भाजपा राज में गंगा-यमुना कोई नदी निर्मल नहीं हुई। मथुरा में मुख्यमंत्री जी यमुना का नाम जपने लगे। यह तो वही बात हुई कि ‘गंगा गए गंगा दास, यमुना गए यमुना दास‘। भाजपा का झूठ का रिकार्ड तो है पर यह भी सच है कि झूठ के पैर नहीं होते हैं। भाजपा किसी भी सच को पचा नहीं पा रही है। भाजपा के कारनामों से लोग आक्रोशित हैं और वे अब ईवीएम मशीनों के माध्यम से अपना गुस्सा उतारेंगे। जनता की आशा-आकांक्षाओं से जुड़ा समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन वैचारिक आधार पर बना है और उसकी ताकत से भाजपा में काफी घबराहट है। गठबंधन ही भाजपा की एकाधिकारवादी नीतियों एवं कुशासन का विकल्प है। 

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।