रिपोर्ट मोबीन मन्सुरी
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के रौसेन गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस की मौजूदगी में महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। आग बुझाने के प्रयास में पति व यूपी 100 पर तैनात होमगार्ड झुलस गया। एक सिपाही की वर्दी जल गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के रौसेन गांव निवासी सुखपाल का पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर भाई कृपाल सिंह से काफी समय से विवाद चल रहा है। पैतृक मकान का एक हिस्सा पक्का बना हुआ है। दूसरा हिस्सा खाली है। मकान के बंटवारे के बाद दूसरे हिस्से की कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये सुखपाल के अपने भाई कृपाल सिंह को 25 मई तक देने की बात तय हुई थी। वह तय सीमा तक अपने भाई को रुपये नहीं दे सका। इसको लेकर सोमवार सुबह सुखपाल और कृपाल सिंह के बीच कहासुनी होने लगी। मामला तूल तब पकड़ा जब सुखपाल ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर में ही यूपी 100 की पीआरवी पहुंच गई। पुलिस द्वारा किसी प्रकार की संतुष्ट परक कार्यवाही न होते देख सुखपाल की पत्नी रामादेवी (55) घर के अंदर से केरोसिन से भरी कट्टी उठा लाईं। पूरा तेल खुद पर उड़ेल कर आग लगा ली। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। पति सुखपाल, सिपाही अनुज कुमार शर्मा व चालक सुरेंद्र सिंह ने आग बुझाने का प्रयास किया।
सिपाही की वर्दी जल गई। चालक सुरेंद्र सिंह यादव व महिला के पति सुखपाल के हाथ झुलस गए। बुरी तरह झुलसीं रामा देवी को यूपी 100 पुलिस अपनी ही गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख ले गई। हालत गंभीर देख यहां से मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रामादेवी ने वहां दम तोड़ दिया। नादेमऊ चौकी इंचार्ज अवधेश सिंह राठौर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।