मीडिया डेस्क
उत्तर प्रदेश में अगला साल शुरू होने से ठीक एक दिन पहले तक राज्य के हर कोने को जगमगाने का दावा किया गया है। दरअसल केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके सिंह ने इसका भरोसा दिलाते हुए कहा है कि इसी 31 दिसंबर तक हमारा प्रयास उत्तर प्रदेश में सौ फीसद विद्युतीकरण लक्ष्य पाने का है। उन्होंने कहा कि हमको देश में 3.6 करोड़ बिजली के कनेक्शन देने हैं। इनमें 1.18 करोड़ उत्तर प्रदेश में हैं। अभी तक 54 लाख कनेक्शन दिए गए हैं। बाकी कनेक्शन भी 31 दिसंबर तक दे दिए जाएंगे। बता दें कि इससे पहले ये लक्ष्य 31 मार्च 2019 तक रखा गया था, लेकिन इसे समय से पहले लागू करने की बात यूपी वालों को और खुश कर रही है।
उड़ान के दौरान मिलेगी कॉल व इंटरनेट की सुविधा
भारत में अगले सप्ताह से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों में यात्रियों को फोन करने और इंटरनेट इस्तेमाल की सुविधा मिलने लगेगी। दूरसंचार सचिव अरुणा सुंदरराजन ने शुक्रवार को कहा कि इन फ्लाइट कनेक्टिविटी इस सप्ताह या अगले सप्ताह की शुरुआत में मिलने लगेगी। इसके लिए दिशा-निर्देशों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बस केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी करना बाकी है।
एयर एशिया, एयर फ्रांस, ब्रिटिश एयरवेज, एमिरेट्स, एयर न्यूजीलैंड, एयर मलेशिया, कतर एयरलाइंस और वर्जिन एटलांटिक जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां पहले से ही उड़ानों में कॉल करने और इंटरनेट की सुविधा दे रही हैं, लेकिन भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसते ही वे सेवा बंद कर देती हैं। आईएफसी का लक्ष्य भारतीय हवाई क्षेत्र में ये सुविधा उपलब्ध कराने के साथ वाई-फाई की उपलब्धता से स्थानीय एयरलाइंस को राजस्व का अतिरिक्त स्रोत देना है।
इलाहाबाद से बंगलुरू के लिए सीधी फ्लाइट का तोहफा
इलाहाबाद से बंगलुरु का सफर अब आसान होगा। विमान कंपनी इंडिगो ने इलाहाबाद से बंगलूरू के लिए सीधी फ्लाइट चलाने की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह सेवा 15 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इसके लिए इंडिगो ने बुकिंग भी शुरू कर दी है। खास बात ये कि दिल्ली की तर्ज पर बंगलूरू के लिए इलाहाबाद से रोजाना फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।
पीएम मोदी की उड़ान सेवा के तहत इंडिगो की ओर से इलाहाबाद से बंगलूरू, मुंबई, रायपुर, कोलकाता, पुणे, देहरादून, भोपाल और गोरखपुर के लिए उड़ान शुरू की जानी है। पिछले कई दिनों से इंडिगो की ओर से इसकी तैयारी की जा रही थी। अब इसकी शुरूआत बंगलूरू के लिए सीधी फ्लाइट के रूप में 15 नवंबर से की जा रही है।
इन लड़कियों ने फैशन को बनाया पैशन, सीएम भी कर चुके हैं तारीफ
झारखंड के देवघर में लड़कियां अपने दम पर सफलता की ऊंची उड़ान भरने के लिए कदम आगे बढ़ा रही हैं। देवघर से 25 किमी दूर सारवां प्रखंड के मधुवाडीह गांव की लड़कियां आज के फैशन की नब्ज पकड़ चुकी हैं। वे ऐसी ही वस्तुएं बना रही हैं और डिजाइन में नए-नए प्रयोग भी करती हैं। बेटियों की बनाई इन वस्तुओं की बाजार में मांग भी हो रही है।
लड़कियों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में संस्था ‘नीड्स’ सहयोग कर रही है। मधुवाडीह स्थित प्रशिक्षण केंद्र में इन लड़कियों को प्रशिक्षण मिलता है। उसकी बदौलत वे केंद्र में 80 प्रकार के उत्पाद बना रहीं हैं। हाल में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी इन बेटियों की कला की सराहना की थी।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।