अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में जयप्रकाश नारायण की 117वीं जयंती पर उनके चित्र व मूर्ति पर माल्यार्पण के पश्चात हजारों उपस्थित लोगों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा जयप्रकाश का बड़ा व्यक्तित्व था। उन्होंने ऐसे समाज का रास्ता दिखाया जो जातीय भेदभाव से परे हो। यादव के साथ पूर्व केन्द्रीय वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा तथा फिल्मी नायक शत्रुघ्न सिन्हा उर्फ बिहारी बाबू भी मौजूद थे। इस अवसर पर विशिष्ट व्यक्तियों को लोकनायक सम्मान भी दिया गया।
कार्यक्रम का संयोजन/संचालन दीपक रंजन ने किया। आज के समारोह में उपस्थित लोगों में जबर्दस्त उत्साह था। यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा सहित अन्य लोगो ने अखिलेश के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रति जनता में भारी विश्वास है। शत्रुघ्न सिन्हा ने जब अखिलेश यादव जिन्दाबाद के नारे लगाये तो लोगों का जोश हिलोरे लेने लगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने देश को सम्पूर्ण क्रान्ति का नारा दिया था। उससे दिल्ली हिल गई थी। अब देश की सत्ता पर काबिज भाजपा का सन् 2019 में उत्तर प्रदेश और बिहार में सफाया होना तय है। जनता को बस चुनाव की तारीखों का इंतजार है। जनता तभी हिसाब बराबर कर लेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार कहां मिटा? मंहगाई बढ़ी है। बड़ी-बड़ी डीलें हो गई किसी को पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि गुजरात से यू.पी. बिहार के उन्हीं लोगों को भगाया गया जिन्होंने भाजपा को सत्ता में बिठाया। भाजपा के लोगों के इशारे पर उन्हें अपमानित कर देश तोड़ने की साजिश की गई है।
अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि लखनऊ में जय प्रकाश के नाम पर समाजवादी सरकार में एक शानदार इमारत जेपी इंटरनेशनल सेंटर बना है। जिसके शिलान्यास के अवसर पर मुलायम सिंह यादव तथा जार्ज फर्नाडीज भी मौजूद थे। वहां भाजपा ने अब काम रोक दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेपी की अगली जयंती वहीं मनाई जाएगी।
पूर्व केन्द्रीय विदेश तथा वितमंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि जब देश में अंधेरा था, तानाशाही के दिन थे जब जयप्रकाश ने दूसरी आजादी की लड़ाई लड़ी। आज इमर्जेंसी से बदतर हालत है। इसकी चुनौती से हम मिलकर निबटेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्री संस्थाएं खतरे में है। मीडिया को झुकाने का काम हो रहा है। एक निष्पक्ष पत्र के सम्पादक के यहां छापा डाला गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमानी करते हैं। देश जबर्दस्ती और झूठ से नहीं चलेगा। चाहे जो कुर्बानी देनी पड़े, हम इस लड़ाई को लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से भाजपा की छुट्टी होगी तो पूरे देश से छुट्टी हो जाएगी।
प्रसिद्ध सिनेमा कलाकार तथा पूर्व मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा उर्फ बिहारी बाबू ने कहा कि वे जेपी से प्रभावित होकर राजनीति में आए थे। अटल जी के वक्त लोकशाही थी आज तानाशाही चल रही है। खोखली जुमलेबाजी नहीं चलेगी। आज लोगों को डराने-धमकाने की राजनीति हो रही है। नोटबंदी की मार से उबरे नहीं थे कि जीएसटी लगा दी गई जिसमें अब तक 357 संशोधन हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश के ऊर्जावान और ओजस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश जयप्रकाश के सपनों को पूरा करेगा और भाजपा का सफाया करने में सफल होगा।



No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।