टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में पहली बार टेस्ट सीरीज में मात दी। भारत ने 72 साल बाद ऑस्ट्रेलिया के घर में टेस्ट सीरीज जीती। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतने वाली एशिया की पहली और विश्व की पांचवीं टीम बनी।
विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले भारत के पहले कप्तान बने। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को सिडनी टेस्ट के पांचवें व आखिरी दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया। पूरे दिन में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। अंपायरों ने दिन का खेल रद्द किया और इसके साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
बता दें कि टीम इंडिया ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। चेतेश्वर पुजारा (193) और ऋषभ पंत (159*) के दमदार शतकों की बदौलत टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 167.2 ओवर में 622/7 के स्कोर पर घोषित की। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104.5 ओवर में 300 रन पर सिमटी। इस तरह टीम इंडिया को पहली पारी के आधार पर 322 रन की बढ़त मिली।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन खेलने को मजबूर किया। फॉलोऑन खेलते हुए मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में 4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 6 रन बनाए।
सिडनी टेस्ट के चौथे दिन यानी रविवार को सिर्फ 25.2 ओवर का खेल हो सका। पांचवें दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और अंपायरों ने इसे रद्द करने का फैसला किया। टीम इंडिया की नई दीवार चेतेश्वर पुजारा को सिडनी टेस्ट में 193 रन की बेहतरीन पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुजारा को ही सीरीज में तीन शतक सहित कुल 521 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
टीम इंडिया ने मौजूदा सीरीज में पहला टेस्ट 31 रन से जीता। फिर ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए दूसरे टेस्ट में वापसी की और 146 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर की। विराट ब्रिगेड ने मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग-डे टेस्ट में फिर धमाकेदार प्रदर्शन किया और 137 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई। सिडनी में खेला गया चौथा टेस्ट बेनतीजा रहा

No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।