मोदी जी भाषण सीतापुर में देते हैं और पसीना पाकिस्तान में इमरान खान का छूटता है- योगी आदित्यनाथ - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Wednesday, 1 May 2019

मोदी जी भाषण सीतापुर में देते हैं और पसीना पाकिस्तान में इमरान खान का छूटता है- योगी आदित्यनाथ

 न्यूज़ डेस्क तहकीकात लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, बहराइच और अमेठी में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही योगी जी ने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील भी की।लखीमपुर खीरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी जी ने भाजपा प्रत्याशी रेखा अरुण वर्मा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि चार चरणों के चुनाव के बाद में यह कह सकता हूं कि मोदी जी की जबर्दस्त लहर है। हर एक मतदाता की जुबान पर मोदी जी का नाम है। देश के अंदर जो 400 सीटों की माला प्रधानमंत्री बनाने के लिए मोदी जी को मिलने वाली है, उसमे धौरहरा भी एक मनका के रूप में जड़े। इस लोकतंत्र के महापर्व में मोदी जी द्वारा की गई जनसेवा सराहनीय है। योगी जी ने कहा कि मोदी जी की सरकार के 5 वर्ष और कांग्रेस के 55 वर्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के दो वर्ष, सपा-बसपा के सरकार के दस वर्ष की तुलना करने पर भाजपा का पलड़ा भारी होगा। इस देश में सर्वाधिक शासन करने वाली कांग्रेस गरीबों को मकान, शौचालय, बिजली, रसोई गैस नहीं दे पाई। कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक दाम नहीं दे पाए। योगी जी ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ है।  कांग्रेस कहती हैं कि हम न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि “कौन सी न्याय यात्रा? पूरे जीवन भर तो देश के साथ अन्याय किया है। गरीबों के हक पर डकैती डाली है, विकास को बाधित किया है। इस देश में 70 वर्षों में गरीबों के पास बैंक खाता तक नहीं था और आज कहते हो कि गरीब को न्याय देंगे।योगी जी ने कहा कि हम गरीबों के चेहरे पर खुशहाली लाने का कार्य कर रहे हैं। आतंकवादियों को बिरयानी नहीं, आतंकवादियों को बुलेट खिलायेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी भाषण सीतापुर में देते हैं और पसीना पाकिस्तान में इमरान खान को छूटता है। सपा और बसपा की सरकार के दौरान मुख्यमंत्री आवास में लकड़बग्घों को बुलाकर उनका सम्मान होता था। प्रदेश के संसाधनों की लूट होती थी। हमने इन लकड़बग्घों को इनकी जगह दिखा दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आज परिवारवादी पार्टी हो गई है और बहुजन समाज पार्टी बुआ-भतीजे की पार्टी हो गई है और कांग्रेस भाई-बहन की पार्टी बन कर रह गई है। यह लोग विश्वास करने योग्य नहीं हैं। योगी जी ने कहा कि अपनी हार को सुनिश्चित देखते हुए इस देश का एक कथित शाही परिवार कहने लगता है कि ईवीएम में गड़बड़ी है। जब चुनाव इनके पक्ष में हो तो सबकुछ ठीक और जब इनके कर्मों से चुनाव में जनता इनके विरोध में हो तो इवीएम खराब है।
 
 
योगी जी ने जोरदार हमला करते हुए कहा कि अब तो भाई के साथ बहन को भी परेशानी है कि गरीब का बच्चा जूता कैसे पहन रहा है। जब सरकार ने तय किया हर गरीब के बच्चे को जो बेसिक शिक्षा के विद्यालय में पढ़ेगा, हम उसे जूता और मोजा उपलब्ध कराएंगे तो बहन को भी परेशानी होने लगी। उन्होंने कहा कि भाई-बहन को इसलिए भी परेशानी हो रही है कि अगर गरीब का बच्चा जूता पहनने लगेगा, तो फिर गरीबों को बेवकूफ बना कर धूल झोंक कर सत्ता हथियाने का कार्य कैसे करेंगे। योगी जी ने कहा कि  आप सबको गौरव की अनुभूति होनी चाहिए कि आतंकवादियों से लड़ने के लिए दुनिया की सबसे अच्छी राइफल आपके अमेठी बनेगी। इसकी दनादन गोलियां जब आतंकवादियों की छाती को भेदते हुए भारत को आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्त करेगी, तो अमेठी का भी नाम आएगा।योगी जी ने कहा कि आज हर विश्लेषक आज इस बात को मानता है कि अमेठी की यह लोकसभा सीट भाजपा जीतने जा रही है। बहन स्मृति ईरानी इस सीट को भारी मतों से जीतने जा रही हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के कुछ चंगू-मंगू जगह-जगह पैसे से यहां की आत्मा को खरीदने की कोशिश में लगे हुए हैं। योगी जी ने बहराइच में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा-बसपा की सरकार के दौरान तमाम बड़े-बड़े दुर्दांत अपराधियों ने व्यापारियों और सामान्य नागरिकों का जीना हराम कर दिया था। किसी का नाम बग्घा था, किसी का नाम लकड़बग्घा था। 2017 में हमारी सरकार के आते ही यह सब लकड़बग्घे जेल में हैं या फिर राम नाम सत्य की यात्रा पर निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों के दौरान बिजली का भी जाति और मजहब होता था। लेकिन हमने बिना भेदभाव के सभी तक बिजली पहुंचाई।





No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।