न्यूज़ डेस्क तहकीकात लखनऊ
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को संगम नगरी में रहे।
उन्होंने मांडाखास, मेजा और लोड़ियारी में जनसभाएं करके भाजपा प्रत्याशियों
को जिताने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि आज इस चिलचिलाती धूप में जिस तरह
से आप लोग आए उससे साफ हो गया है कि भाजपा को इस बार सत्ता में आने से कोई
नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि आप लोगों के अद्भुत साहस की वजह और यहां
पर उपस्थित महिला, बुजुर्ग, और दिव्यांग भाईयों का जोश और जुनून बता रहा
है कि 12 मई को यहां पर किसकी फिजा बनी हुई है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा
कि आप लोगों के इसी साहस और जोश ने ही हमें पिछली बार 2014 में 73 सांसद
दिए थे और 2017 में 325 विधायक दिए थे। उन्होंने कहा कि आप लोगों के इसी
हौसलों की वजह से ही विपक्षियों के चेहरे लटक गए हैं। पूरे प्रदेश में इस
समय जातीय समीकरण पर मोदी फैक्टर हावी हो गया है। उन्होंने कहा कि कुंभ
नगरी इस बार फिर से इतिहास रचने जा रही है। यहां से पूरे देश को एक संदेश
जाने वाला है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार हर गरीब को बिजली-पानी, सड़क और घर
देने के लिये है प्रतिबद्ध। आज प्रदेश में हर गरीब, मजदूर, महिला, किसान,
नौजवान के पसीने और श्रम का सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी
पार्टी ने इस बार भी यही संकल्प अपने इलेक्शन मेनिफेस्टो में फिर से
दोहराया है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार आते ही इस पर काम किया जाएगा।
2022 तक हर गरीब को पक्की छत देने के लिए मोदी जी संकल्पित है और इस तरफ
काम भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश को तरक्की के रास्ते पर
आगे के पांच साल तक ले जाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने
गरीबों को सुविधाएं देने के लिए अभी सिर्फ भ्रष्टाचार को रोका है, तो देश
में खुशहाली आने लगी है। जब देश में भ्रष्टाचारियों से रिकवरी होगी तो
विकास के रास्ते और खुल जाएंगे। उन्होंने कहा मोदी जी की सरकार में सबको
पूरा का पूरा एक रुपया मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जितना काम कांग्रेस की 55 साल सरकार में नहीं हुआ, उतना काम महज 5 साल में मोदी सरकार ने किया है। यही नहीं यूपी में भी जितना काम पिछले 15 सालों में नहीं हुआ, तो उतना काम महज 2 साल में हुआ है। उन्होंने कहा कि अब राष्ट्रवाद का अभियान चल रहा है। अब देश से आंतकवाद का खत्मा करने का अभियान चल रहा है। अब पूरे देश में जातीय समीकरण नहीं बल्कि मोदी समीकरण हावी हो गया है। गठबंधन पर डिप्टी सीएम ने तंज कंसते हुए कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ, क्या वह नकली बुआ का होगा ? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की वजह से गठबंधन की हवा बनने से पहले ही निकल गई। साईकिल पर जैसे ही हाथी संवार हुआ वैसे ही वह पंक्चर हो गयी। उन्होंने कहा कि हमें भी पहले लग रहा था कि गठबंधन कुछ अच्छा प्रदर्शन करेगा, लेकिन जिस तरह से उन्होंने काम किया, उसकी वजह से अब उन पर ही सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह नकली गठबंधन महज 23 मई तक ही चलेगा। इसके बाद यह गठबंधन विधानसभा चुनावों में अलग-अलग हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार जनता इन लोगों को ऐसा सबक सिखाने जा रही है कि 23 मई के बाद सपा और बसपा के ऑफिस में ताले लग जाएंगें। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को यूएनएससी में वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह मोदी सरकार की कूटनीति की वजह से ही हुआ है। उन्होंने कहा कि मसूद अजहर ने पुलवामा हमले से लेकर अन्य कई आतंकी हमले कराकर देश को कमजोर करने का काम किया था, लेकिन मोदी सरकार ने कूटनीति का प्रयोग करके मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर यह संभव हुआ है, तो यह मोदी जी की वजह से हुआ है। मोदी जी का सिद्धांत है कि वह किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन जो छेड़ते है फिर उसको छोड़ते भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पाकिस्तान का हाथ मजबूत करने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस का घोषणापत्र देख लिया जाए, तो यही लगता है कि वह पाकिस्तान में तैयार किया गया है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।