लखनऊ -सत्य प्रकाश चौधरी
गुजरात में उत्तर भारतीयों खासकर उत्तर प्रदेश एवं बिहार के निवासी जो गुजरात के विकास में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करके मजबूती प्रदान कर रहे थे अचानक एक दुःखद घटना के बाद कुछ अराजक तत्वों ने एक साजिश के तहत लगभग आधे दर्जन से अधिक जनपदों के लोगों को मारपीट कर प्रताड़ित करना शुरू किया एवं वहां से अपने-अपने राज्यों को वापस जाने के लिए विवश करने के लिए घटनाएं शुरू की गयीं।
सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि लगभग 40000 से अधिक लोगों के गुजरात राज्य से पलायन होने तक वहां की सरकार और जिम्मेदार अधिकारी ने पलायन रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए अपितु बड़ोदरा के एस.पी. का एक बयान वायरल हुआ है जिसमें वह कह रहे है कि यह बाहरी लोग हैं इन्हें चले ही जाना चाहिए। यह घटना नितान्त दुःखद और अमानवीय है। कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करती है। इसी क्रम में पूरे उत्तर प्रदेश में गुजरात प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के लोगों के विरूद्ध किये जा रहे उत्पीड़नात्मक कार्यवाही के विरोध में उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर सांसद के निर्देश पर प्रदेश की सभी जिला/शहर कांग्रेस कमेटियों द्वारा प्रदर्शन कर विरोध किया गया।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने आज जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश और गुजरात दोनों राज्य सरकारें गरीब, मजदूर और विस्थापित उन नागरिकों के बारे में बात न करके दूसरी पार्टियों पर उलूल-जुलूल आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं कानून व्यवस्था पूरी तरह से राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है यह राज्य सरकार को ही सुनिश्चित करना है कि उसके राज्य में निवास करने वाले किसी भी नागरिक को किसी भी प्रकार से उत्पीड़न न हो परन्तु यहां न केवल उत्पीड़न किया गया है बल्कि उनकी सम्पत्ति लूटी गयी है और उन्हें राज्य छोड़ने के लिए विवश किया गया है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर के निर्देश पर पूरे प्रदेश में किये गये विरोध प्रदर्शन के तहत जनपद गोण्डा, बस्ती, बाराबंकी, वाराणसी, कानपुर, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, फतेहपुर, गोरखपुर, फैजाबाद, सुलतानपुर, इलाहाबाद, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, मथुरा, पीलीभीत, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, गौतमबुद्धनगर सहित लगभग सभी जनपदों में विरोध प्रदर्शन किया गया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। वाराणसी जनपद में लहुराबीर आजाद पार्क में सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया जिसमें पूर्व सांसद डा0 राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, अनिल श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा सहित अनेकों वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने भाग लिया।
इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में शहर अध्यक्ष बोधलाल शुक्ला एडवोकेट एवं जिलाध्यक्ष गौरव चैधरी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया एवं केन्द व राज्य की भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया। विरोध प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ और प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा की ओर कूच किया जहां रास्ते में लालबहादुर शास्त्री मार्ग पर भारी पुलिस बल द्वारा बैरीकेडिंग लगाकर बलपूर्वक रोका गया। जहां काफी देर तक पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, तत्पश्चात कांग्रेसजनों द्वारा पुतला फूंककर विरोध किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के गृह राज्य में इस प्रकार की घटना और ऐसा घृणित वातावरण अत्यंत दुःखद और निन्दनीय है अगर इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो पूरे देश में अराजकता का माहौल उत्पन्न हो जायेगा जो भारतीय एकता, अखण्डता और सद्भाव के लिए घातक है।


No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।