यूपी पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल 18 को मिला प्रमोशन, 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादले - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Tuesday, 8 January 2019

यूपी पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल 18 को मिला प्रमोशन, 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादले





सोमवार को प्रदेश में पुलिस महकमे बड़े पैमाने पर फेरबदल कर दिए गए। इसमें एडीजी से लेकर एसपी तक शामिल हैं। आठ जिलों के पुलिस कप्तानों के स्थान पर नए पुलिस कप्तान तैनात किए गए हैं जबकि लखनऊ और बरेली समेत पांच रेंज में नए डीआईजी और आईजी भेजे गए हैं। हाल ही में प्रमोशन पाए एक दर्जन से अधिक आईपीएस अधिकारियों का विकल्प फिलहाल शासन को नहीं मिल पाया है। इन अधिकारियों को उसी पद पर तैनात रखा गया है। मुरादाबाद के आईजी रहे बिनोद कुमार सिंह को पीएसी का एडीजी बनाया गया है जबकि एसके भगत को लखनऊ रेंज का नया आईजी बनाया गया है।

सोमवार को जारी 64 अफसरों की तबादला सूची में 18 अधिकारियों को उनके पूर्व के स्थान पर प्रमोशन के साथ बरकरार रखा गया है। जबकि 46 को नई तैनाती दी गई है। सूची में आईपीएस अफसरों के ग्रुप में हुए विवाद की छाप भी दिख रही है। यूपी 100 के एडीजी आदित्य मिश्रा को हटा कर सीबीसीआईडी भेज दिया गया है।
वहीं डीजीपी मुख्यालय में तैनात उनकी पत्नी रेणुका मिश्रा को भर्ती बोर्ड भेज दिया गया है। डीजीपी मुख्यालय में तैनात नीरा रावत एडीजी कार्मिक बनी रहेंगी। डीजीपी ने उन्हें लोक शिकायत का काम दिया था। और रेणुका को कार्मिक की जिम्मेदारी देते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा था। वहीं आईपीएस विवाद में डीआईजी दीपक कुमार को रेंज मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें पीएसी मेरठ सेक्टर का ही डीआईजी बना दिया गया।
बरेली के आईजी रहे डीके ठाकुर को प्रमोशन के बाद एडीजी यूपी 100 की जिम्मेदारी दी गई है। बरेली में राजेश पांडेय को डीआईजी रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। डीजीपी आफिस में तैनात राजा श्रीवास्तव को पीटीसी सीतापुर भेजा गया है। लखनऊ रेंज के आईजी रहे सुजीत पांडेय को टेलीकाम में एडीजी बनाया गया है।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।