कैलाश सिंह विकास ब्यूरो वाराणसी
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा रोहनिया और सेवापुरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 की तैयारियां देखी। निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों पर बूथों की संख्या, उनके बीच मतदाता लाइनों के लिए पर्याप्त स्थान, भवन की स्थिति, उसमें पंखे बल्ब, रैम्प, मतदान केन्द्रों को जाने वाले मार्गों की स्थिति और पीने के पानी, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, उसमें पानी, बाल्टी, मग आदि सहित सभी मूलभूत सुविधाएं तैयार रखने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने मिसिरपुर, आराजी लाइन, बीरभानपुर, मेहंदी गंज, हरसोर, दिनदासपुर, बेरुका, सेवापुरी, पुरंदरपुर, नोनखरा तथा रामडीह सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न प्राइमरी स्कूलों, पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में चल रही क्लासों को भी चेक किया। मिड डे मील खा रहे बच्चों से जानकारी ली। क्षेत्र में शराब की दुकानों पर बिक रही शराब की बोतलों पर लगे लेबल चेक किया। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सामान्य से अधिक मात्रा में शराब खरीदने वालों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के साथ उसकी फोटो व मोबाइल नंबर भी रिकॉर्ड में रखें।
दुकान निर्धारित समय पर खोलने और बंद करने में समयपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। गांव की जनता से संवाद के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव को प्रभावित करने वालों से सावधान रहने और इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा। निर्वाचन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने व आपसी सौहार्द कायम रखने की भी हिदायत दी। उन्होंने मतदान केन्द्रों में बूथों के प्रवेश द्वार पर साफ एवं स्पष्ट अक्षरों में विधानसभा का नाम व संख्या, मतदान केंद्र का नाम व संख्या, बूथ संख्या आदि सभी विवरण बताये गये अनुसार ही लिखवाने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।