न्यूज़ डेस्क तहकीकात लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक एवं उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री
केशव प्रसाद मौर्य आज गाजीपुर में पिछड़ा वर्ग विजय संकल्प सम्मेलन को
संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा के समर्थन में
विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया तथा कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के
साथ-साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोटों की अपील की।अपने भाषण के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा
मोदी जी के कार्यकाल में देश 50 वर्ष आगे बढ़ गया है और मोदी जी दूसरी पारी
में प्रधानमंत्री बनते ही देश 100 साल आगे बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि देश
में जब तक भ्रष्टाचार रहेगा गरीबी नहीं मिट सकती। मोदी जी बड़े से बड़ा और
कड़े से कड़ा निर्णय लेने में सक्षम है और वही देश को भ्रष्टाचार से, गरीबी
से, आतंकवाद से मुक्त करा सकते हैं। मोदी जी ने 55 महीने में इतना काम किया
है जितना कांग्रेस ने अपने 55 साल के कार्यकाल में भी नहीं किया। मोदी जी
देश के प्रधानमंत्री बनते हैं तो जितना कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों की
सरकार ने देश को लूटा है वह पूरा माल बरामद करके मोदी जी गरीबों और किसानों
की झोली में डाल देंगे। भाजपा सबका साथ-सबका विकास में यकीन करती है तथा
उसकी सरकार में किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जाता है, मोदी जी की ही
सरकार में ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया है। साथ ही गरीब
सवर्णों को भी बिना किसी वर्ग का आरक्षण काटे हुए 10 प्रतिशत का आरक्षण
प्रदान किया गया है। भाजपा सरकार में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के
पंचतीर्थों को विकसित करने का काम किया गया है। कुंभ मेले का जिक्र करते
हुए उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में एक तरफ जहां लोगों पर फूल बरसाए जा रहे
थे वहीं दूसरी ओर मोदी जी ने अनुसूचित जाति के लोगों के चरण धोकर उन्हें
सम्मान प्रदान करने का काम किया है जो आज तक किसी ने नहीं किया। जिससे
सिद्ध होता है कि एक तरफ वह सम्मान भी दे रहे हैं और दूसरी तरफ विकास भी कर
रहे हैं। मोदी जी यदि देश के प्रधानमंत्री न बनते तो आज जो योजनाएं जनता
तक पहुंच रही हैं वह न पहुंच पाती तथा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती। उज्जवला
योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना,
किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं न आ पाती। सौभाग्य योजना से घर-घर बिजली
पहुंच गई है। आयुष्मान योजना के अंतर्गत देश के 50 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख
रुपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मोदी जी और
प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में देश के 86 लाख किसानों का 36000 करोड
रुपए का कर्ज माफ करने का काम किया गया है। देश के किसानों के कल्याण के
लिए एक तरफ बिना भेदभाव के जहां दो-दो हजार रुपए भिजवाने का काम किया गया
है वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान को 1-1 हजार किलो का बम भी भेजा गया है। भाजपा
सरकार ने देश के 13 करोड़ किसानों के लिए तय किया है कि प्रतिवर्ष किसानों
को 6000 रुपए उनकी मदद के लिए दिए जाएंगे।
भाजपा के संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद ने कहा कि
किसानों को 60 साल की उम्र में पेंशन की सुविधा दी जाएगी तथा छोटे दुकानदार
एवं व्यापारी वर्ग के लिए भी पेंशन की व्यवस्था की जाएगी। देश के किसानों
के लिए यदि वह खेती के काम के लिए 1 लाख रुपए तक का कर्ज लेते हैं तो उसे
ब्याज मुक्त बनाने का प्रस्ताव रखा गया है तथा मोदी जी की सरकार बनने के
बाद ऐसे 1 लाख रुपए तक के कर्ज के लिए 5 वर्षों तक कोई भी ब्याज नहीं देना
पड़ेगा तथा इसे सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। केशव प्रसाद ने कहा जब देश का प्रधानमंत्री पिछड़े वर्ग से आ सकता है
और प्रदेश का उप-मुख्यमंत्री पिछड़े वर्ग का हो सकता है तो क्या पिछड़ा वर्ग
देश में कमल का फूल खिलाने में पीछे रह सकता है। यदि मोदी जी देश के
प्रधानमंत्री बनते हैं तो पिछड़े वर्ग के मान-सम्मान और जरूरतों में कोई कमी
नहीं आने दी जाएगी।उन्होंने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों पर कुठाराघात करते हुए कहा कि
मोदी जी 18 घंटे देश की जनता के लिए काम करते हैं जबकि विरोधी दल कहते हैं
कि मोदी जी ने देश के लिए कोई काम नहीं किया। सपा तथा बसपा पर हमला बोलते
हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य केवल मोदी हटाओ प्रतियोगिता का
हिस्सा बनना है न कि गरीबी, आतंकवाद और भ्रष्टाचार को हटाना। यदि सपा और
बसपा का एक भी सांसद जीता तो वह कांग्रेस की बैसाखी बनने का ही काम करेगा,
जिसके प्रधानमंत्री राहुल गांधी होंगे। अखिलेश यादव अपने पिताजी तथा चाचा
जी के नही हुए तो वह मायावती जी के क्या होंगे। यदि अखिलेश यादव देश में
कुछ करने की स्थिति में होते तो उनके पिताजी संसद में मोदी जी को
प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद नहीं देते। जब से उन्होंने अपने पिताजी से
अध्यक्ष पद छीना है तब से वह कहीं के नहीं रह गए। सपा तथा बसपा के वोट बैंक
पर उन्होंने कहा कि आज सपा तथा बसपा का जो वोटर था वह भी कहता है कि वह
राष्ट्रवादी पहले है तथा जातिवादी बाद में। उन्होंने सपा और बसपा के गठबंधन
को करे और बेर का संग बताते हुए कहा कि सपा-बसपा गठबंधन की नाव में बहुत
बड़ा छेद है तथा कहा कि 23 मई के बाद जब चुनाव परिणाम आएगा तब यह सांप और
नेवले की तरह आपस में झगड़ा करेंगे। कांग्रेस के बारे में उन्होंने कहा कि
कांग्रेस आईसीयू में पड़ी हुई पार्टी है और उसके मुखिया केरल भाग गए हैं
जबकि हम योगी जी की अगुवाई में विकास भी कर रहे हैं और कानून व्यवस्था को
भी बनाए हुए हैं।गाजीपुर में हुए विकास का जिक्र करते हए हुए श्री केशव प्रसाद ने कहा कि
गाजीपुर में तेजी से उच्च गुणवत्ता की सड़के बनी है,यहां पर विकास की झड़ी लग
गई है तथा गाजीपुर का विकास गाजियाबाद की तरह हो रहा है। केशव प्रसाद
मौर्य ने कहा कि 2014 में चुनाव में मोदी जी की लहर चल रही थी लेकिन अब
2019 में मोदी जी की सुनामी चल रही है क्योंकि पिछला चुनाव कार्यकर्ताओं ने
लड़ा था जबकि 2019 में जनता ने चुनाव को अपने हाथ में ले लिया है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।